नालासोपारा से खौफनाक वारदात
पति बना प्रेम में बाधा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट — शव को घर में ही दफनाया

📰 जागरूक मुंबई न्यूज़ |
मुंबई नालासोपारा (पूर्व),महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को घर के अंदर ही दफन कर दिया। यह सनसनीखेज घटना नालासोपारा पूर्व के गंगड़ीपाड़ा क्षेत्र स्थित साई वेल्फेयर सोसायटी की एक चॉल में सामने आई है।
हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल : पुलिस ने जानकारी दी है कि मृतक की पहचान विजय चौहान के रूप में हुई है। उसकी पत्नी गुड़िया उर्फ चमन देवी (28) का एक युवक मोनू (20) से प्रेम संबंध था। बताया गया कि विजय अपने पत्नी और मोनू के रिश्ते में रुकावट बन रहा था, इसी कारण दोनों ने मिलकर उसे ठिकाने लगाने की साजिश रची।
हत्या के बाद शव को घर में ही दफनाया : हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों ने विजय के शव को घर के फर्श में दफना दिया और उसके ऊपर टाइल्स लगवाए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, टाइल्स लगाने का काम महिला ने अपने ही देवर से कराया था, जिसे असली वजह की भनक तक नहीं लगी।
गुमराह करती रही पत्नी, भाई ने खोला राज : वारदात को अंजाम देने के बाद महिला लगातार विजय के परिवार को गुमराह करती रही। लेकिन जब कई दिन बीतने के बाद भी विजय का कोई पता नहीं चला, तो उसका भाई रविवार को उसे खोजते हुए घर पहुंचा। वहां उसे न पाकर उसने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस की कार्रवाई और खुलासा : गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ और जब घर की तलाशी ली गई, तो फर्श के नीचे दबा शव बरामद हुआ। इसके बाद महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि यह हत्या लगभग 10 से 15 दिन पहले की गई थी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
यह मामला न केवल रिश्तों के गिरते स्तर को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि प्रेम में अंधे होकर लोग कैसे हैवानियत की हदें पार कर सकते हैं।




