
📰 जागरूक मुंबई न्यूज़
🗓️ 13 जून 2025
📍 मुंबई
मुंबई के नागपाड़ा इलाके में 12 जून 2025 की सुबह हुई एक बड़ी जबरी चोरी की वारदात को मुंबई पुलिस ने महज़ 12 घंटे में सुलझाते हुए न केवल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी गया पूरा 3 किलो सोना भी बरामद कर लिया है। जब्ती गई इस संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 55 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:40 बजे शिकायतकर्ता और उनका भतीजा लोअर परेल स्थित ऑफिस जा रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में उन्हें रोका, मारपीट की और शिकायतकर्ता के हाथ से एक ग्रे रंग की बैग जबरन छीन ली। इस बैग में करीब 1500 ग्राम वजन की सोने की बिस्किटें और 1500 ग्राम वजन के रिपेयरिंग गहने थे।
घटना के बाद नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में तत्काल गु.र.क्र. 364/25, भारतीय दंड संहिता की धाराओं 309(6), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (प्रकटीकरण) और परिमंडल-3 के उपायुक्त के मार्गदर्शन में पुलिस और अपराध शाखा की विशेष टीमें बनाई गईं। इन टीमों ने अथक प्रयास करते हुए दिनभर में ही 5 आरोपियों को धर दबोचा और लूट का पूरा माल बरामद कर लिया।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त श्री देवेन भारती, संयुक्त आयुक्त (अपराध) श्री लक्ष्मी गौतम, संयुक्त आयुक्त (कानूनी) श्री सत्यनारायण, अपर आयुक्त (अपराध) श्री शैलेश बलकवडे, अपर आयुक्त (मध्य क्षेत्र) श्री विक्रम देशमाने, पुलिस उपायुक्त श्री राज तिलक रौशन, तथा पुलिस उपायुक्त श्री कृष्णकांत उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
मुंबई जैसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले शहर में दिनदहाड़े हुई इस लूट को इतनी तेज़ी और सटीकता से सुलझाना, मुंबई पुलिस की चुस्ती और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक है।
📌 जागरूक मुंबई न्यूज़
– अपराध शाखा रिपोर्टिंग टीम