
घाटकोपर में 35 वर्षीय महिला की हत्या, सास समेत पांच गिरफ्तार
पुराने पारिवारिक विवाद में रची गई साजिश का पुलिस ने किया पर्दाफाश
मुंबई: घाटकोपर के लक्ष्मीनगर इलाके में 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पंतनगर पुलिस ने जांच के बाद हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए मृतका की सास समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान सपना प्रमोद गंजी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की शाम सपना को घर के बाथरूम में गिरने की बात कहकर पहले सुप्रीम हॉस्पिटल और बाद में राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। 17 अगस्त की रात करीब 12:41 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव की जांच के दौरान गले के आसपास चोट के निशान और सिर के बाईं ओर रक्तस्राव मिलने के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। शुरुआत में सपना की सास धनलक्ष्मी गंजी ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान सपना बाथरूम में गिर गई थीं। लेकिन तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना के पीछे सुनियोजित साजिश के संकेत मिले।जांच में सामने आया कि सपना ने वर्ष 2024 में अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ नालासोपारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। घरेलू हिंसा से संबंधित शिकायत भी की गई थी। पुलिस के मुताबिक, इसी पुराने विवाद और कथित रंजिश के चलते धनलक्ष्मी ने पहले की घरेलू सहायिका से संपर्क किया और उसके परिवार के साथ मिलकर सपना की हत्या की योजना बनाई।
सपना जून 2026 में अपने बेटे के साथ दुबई से मुंबई आई थीं। पुलिस के अनुसार, करीब एक महीने पहले हत्या की साजिश तैयार की गई थी और कथित तौर पर इस काम के लिए मोलकरीबाई मंगला जाधव और उसके परिवार को तीन लाख रुपये देने की बात तय हुई थी।
पुलिस जांच के मुताबिक, 16 अगस्त को शाम करीब 4:45 बजे सपना घर में अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी एक-एक करके घर में दाखिल हुए। पुलिस के अनुसार, सपना के नशे में होने का फायदा उठाकर पहले उनके सिर पर कांच के गिलास से हमला किया गया। इसके बाद उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला गया और दुपट्टे की मदद से गला दबाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि इसके बाद भी जब उनकी मौत नहीं हुई तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके गले पर पैर रख दिया। घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है।
इस मामले में धनलक्ष्मी भिक्षापति गंजी (60), मंगलाबाई सुरेश जाधव (45), शिवानी सुरेश जाधव (21), सुरेश गणपत जाधव (46) और साजन सुरेश जाधव (19) को गिरफ्तार किया गया है।
धनलक्ष्मी को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया और अदालत ने उसे 24 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजा है। अन्य चार आरोपियों को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें 28 अगस्त तक पुलिस हिरासत में रखा गया है।
मृतका के पिता राजेंद्र नरसया वल्लाळ की शिकायत के आधार पर पंतनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2) और 352 के तहत कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पंतनगर पुलिस की टीम ने की। मामले की आगे की जांच पंतनगर पुलिस कर रही है।
जागरूक मुंबई न्यूज़ | मुंबई




