
महिला से छेड़छाड़ : सोशल मीडिया पोस्ट के बाद 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, 28 नवंबर : गोरेगांव पश्चिम में 26 नवंबर की रात एक 22 वर्षीय युवती के साथ बीच सड़क पर छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान 27 वर्षीय कुलदीप कनौजिया (उत्तर प्रदेश के बस्ती का निवासी) के रूप में हुई है। वह गोरेगांव पश्चिम के उद्योग नगर क्षेत्र में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घटना 26 नवंबर की रात करीब 9:43 बजे एसवी रोड पर रेडिसन होटल के पास हुई। पीड़िता ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “मैं फोन पर बात कर रही थी और पूरी तरह सतर्क थी। अचानक पीछे से एक शख्स ने मुझे गलत तरीके से छुआ और पुल पार करके भाग निकला। 10-20 सेकंड तक मुझे समझ ही नहीं आया कि हुआ क्या। मैंने चीखने की कोशिश की, लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया। मैंने उसका पीछा भी किया, पर वह गायब हो गया।”
युवती ने यह भी बताया कि उसने महिला हेल्पलाइन समेत कई आपात नंबरों पर कॉल किए, लेकिन कहीं से कोई जवाब नहीं मिला। सोशल मीडिया पोस्ट वायरल होने और मीडिया में खबर आने के बाद गोरेगांव पुलिस हरकत में आई।
गोरेगांव, बांगुर नगर और मलाड पुलिस थानों की संयुक्त टीमों ने लगभग 80 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सहायक पुलिस आयुक्त प्रकाश बागल और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सूर्यकांत खरात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में बुधवार देर रात उद्योग नगर से कुलदीप कनौजिया को दबोच लिया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करने के आशय से हमला या आपराधिक बल प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस हिरासत मांगी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर शिकायत आने के तुरंत बाद कार्रवाई शुरू की गई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इतनी जल्दी सफलता मिली। मामले की आगे की जांच जारी है।




