
उरण में क्राइम ब्रांच का बड़ा धमाका
घने जंगल में चल रही दो अवैध शराब भट्ठियों पर छापा, ३००० लीटर रसायन नष्ट,
■ मुख्य सड़क से १०० मीटर अंदर झाड़ियों में चल रहा था अवैध धंधा,
■ एक आरोपी गिरफ्तार, उरण पुलिस थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज
नवी मुंबई पुलिस की गुन्हे शाखा (क्राइम ब्रांच) ने उरण परिसर के चाणजे गांव में चल रहे अवैध शराब के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने घने जंगल के भीतर छापा मारकर गावठी (हाथभट्टी) शराब बनाने की दो भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
इस कार्रवाई में ८ और ७ बैरल में भरा कुल ३,००० लीटर जहरीला मिश्रित द्रावण (रसायन) मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया था जाल,
पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच के पुलिस हवालदार दिनेश जोशी को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी, चाणजे गांव के जंगली इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध शराब तैयार कर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक अनिल पाटिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम तैयार की गई।
इस टीम में पुलिस उप-निरीक्षक अभिजीत देशमुख, पुलिस हवालदार कोपरकर, पांचाल, पाटिल, सावंत और दुधाळ शामिल थे। ५० मीटर के दायरे में चल रही थीं दो भट्ठियाँ क्राइम ब्रांच की टीम ने जब चाणजे गांव में रवी म्हात्रे (निवासी- करंजा) की जगह पर दबिश दी,
मुख्य सड़क से १०० मीटर अंदर झाड़ियों के बीच पहली भट्ठी चलती पाई गई। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से आरोपी हीरामण काशीनाथ म्हात्रे को दबोच लिया। वहां ८ बैरल में १६०० लीटर रसायन और शराब बनाने का सामान मिला।
आरोपी हीरामण से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि महज ५० मीटर की दूरी पर अनिल म्हात्रे नामक व्यक्ति की दूसरी शराब भट्ठी भी चल रही है।
पुलिस ने तुरंत वहां भी छापेमारी की, जहां से ७ बैरल में १४०० लीटर रसायन बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों ही ठिकानों पर पंचों की मौजूदगी में विधिवत पंचनामा किया। सुरक्षा के लिहाज से कुल ३,००० लीटर कच्ची शराब के रसायन को मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया, जबकि शराब बनाने के बर्तन व अन्य उपकरण जब्त कर लिए गए। उरण थाने में दो FIR दर्ज कर लिया गया है, पकड़े गए आरोपी हीरामण म्हात्रे की चिकित्सीय जांच (मेडिकल) के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए उरण पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस मामले में उरण पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं: स्थानीय पुलिस अब इस काले कारोबार के मुख्य सरगनाओं और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। क्राइम ब्रांच की कार्रवाई से उरण परिसर के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।




