
पान मसाला के कथित अप्रत्यक्ष प्रचार पर FDA सख्त, तीन बड़े सितारों को नोटिस
मुंबई | जागरूक मुंबई न्यूज़
महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला उत्पादों के कथित अप्रत्यक्ष प्रचार को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कार्रवाई के तहत अभिनेता अजय देवगन, शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
FDA का कहना है कि संबंधित विज्ञापन में जिस ब्रांड को दिखाया गया है, उसकी पहचान मुख्य रूप से पान मसाला उत्पादों से जुड़ी हुई है। ऐसे में विज्ञापन के माध्यम से प्रतिबंधित उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार किए जाने की आशंका जताई गई है।
जानकारी के अनुसार, अजय देवगन को जुहू स्थित उनके आवास और शाहरुख खान को बांद्रा स्थित ‘मन्नत’ आवास पर नोटिस भेजा गया है। टाइगर श्रॉफ को उनके प्रोडक्शन हाउस Tiger Shroff Productions LLP के माध्यम से नोटिस दिए जाने की बात सामने आई है।
FDA ने तीनों कलाकारों से विज्ञापन में प्रचारित ब्रांड और पान मसाला के बीच संबंध को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। अब यह देखना अहम होगा कि अभिनेता FDA की नोटिस पर क्या जवाब देते हैं।
गौरतलब है कि 13 जुलाई 2026 के आदेश के तहत महाराष्ट्र में पान मसाला के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर एक वर्ष का प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में प्रतिबंधित उत्पादों के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रचार पर FDA की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
FDA विभाग की कमान तुकाराम मुंढे के पास आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मिलावट और नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में कार्रवाई तेज होने की चर्चा है।
फिलहाल मामले में तीनों कलाकारों के जवाब का इंतजार है। उनके स्पष्टीकरण के बाद FDA आगे क्या कार्रवाई करता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।
रिपोर्टर – ब्रिज भूषण निषाद
जागरूक मुंबई न्यूज़




