
मुंबई में हथियार तस्करी का बड़ा खुलासा: शिवड़ी स्टेशन से 4 पिस्टल और 18 कारतूस बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार
मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (AEC) ने शहर में सक्रिय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का बड़ा भंडाफोड़ करते हुए 4 पिस्टल और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई शिवड़ी / सेवरी रेलवे स्टेशन के पास गुप्त सूचना के आधार पर की।
कैसे हुआ ऑपरेशन?
AEC को गुप्त सूत्रों के माध्यम से पता चला था कि कुछ लोग अवैध हथियार लेकर मुंबई आने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने शिवड़ी स्टेशन के आसपास ट्रैप बिछाया। संदिग्धों की गतिविधि देखकर उन्हें मौके पर ही हिरासत में लिया गया।
तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में हथियार मिले। बरामद हथियार 4 देशी पिस्टल 18 जिंदा कारतूस सभी हथियार मध्य प्रदेश से लाई गई सप्लाई का हिस्सा बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी पुलिस ने जिन 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार है—
भैयू खरे
दशरथ बारोलिया
सुल्तान बारोलिया
धर्मेंद्र भाटी
गौरव देवड़ा
सभी आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें से तीन आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तस्करी का मकसद क्या था? प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ये हथियार बिक्री के लिए मुंबई लाए थे। पुलिस पता लगा रही है कि इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं है और हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे। अभी तक किसी बड़े गैंग से कनेक्शन की पुष्टि नहीं हुई है, मगर पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है।
मुबई पुलिस हाई अलर्ट पर हाल ही में देश में सुरक्षा घटनाओं को देखते हुए मुंबई पुलिस पहले ही सतर्क है। ऐसे में इतनी संख्या में हथियारों की बरामदगी को सुरक्षा एजेंसियां गंभीर मान रही हैं। AEC अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हथियारों की सप्लाई लाइन को तोड़ने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




