
मुंबई में ₹50 करोड़ की ड्रग्स लैब का भंडाफोड़: 3 गिरफ्तार

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) के एंटी-नारकोटिक्स सेल (कांदिवली यूनिट) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरीपाड़ा इलाके में घर के अंदर चल रही एक हाई-टेक ड्रग्स फैक्ट्री (प्रयोगशाला) को पूरी तरह तबाह कर दिया है।
पुलिस ने कुल 14 किलो 493 ग्राम मेफेड्रोन MD ड्रग्स ज़ब्त की है, जिसमें लिक्विड और सॉलिड दोनों फॉर्म शामिल हैं।
इसके अलावा ड्रग्स बनाने का कच्चा माल और उपकरण भी बरामद किए गए हैं। ज़ब्त की गई इस ड्रग्स और सामग्री की कुल कीमत ₹50,74,03,100 (लगभग 50 करोड़ 74 लाख रुपये) आंकी गई है।
ड्रग्स के साथ-साथ पुलिस ने 1 देसी पिस्टल और 19 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जिनकी कीमत ₹64,000 है। इस मामले में 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई 25 मई 2026 को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर की गई और आरोपियों को 26 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के खिलाफ एन डी पी एस एक्ट 1985 की धारा 8(क), 22(क), 29 और भारतीय हथियार कायदा (Arms Act) की धारा 3, 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई मुंबई के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कांदिवली यूनिट के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत जगदाले और उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक की गई।



