
“टॉर्च की रोशनी बनी मौत की वजह ,
मानखुर्द में मामूली बात पर हत्या, टॉर्च की रोशनी डालने पर भड़के युवक, 38 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या
मुंबई, मानखुर्द के पीएमजीपी कॉलोनी इलाके में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 38 वर्षीय विलास साहेबराव वाघले की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना बेट मैदान के पास हुई। रात भोजन करने के बाद विलास वाघले मैदान की ओर गए थे। वहां उन्होंने तीन युवकों को बैठे देखा। अंधेरा होने के कारण उन्होंने यह देखने के लिए टॉर्च की रोशनी उनकी ओर डाली कि वहां कौन मौजूद है। इसी बात को लेकर तीनों युवक नाराज हो गए और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों में से एक ने चाकू निकाल लिया और विलास को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने विलास के पेट में चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विलास को पहले शताब्दी अस्पताल और बाद में सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में थे। मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर मानखुर्द पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश लाढे, धनंजय उर्फ धासा लाढे और सागर कापसे के रूप में हुई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




