
विक्रोली डबल मर्डर के बाद सील घर में लगी आग, पुलिस जांच के घेरे में कई सवाल
मुंबई | विक्रोली-पार्कसाइट
विक्रोली के पार्कसाइट इलाके में डबल मर्डर के बाद पुलिस द्वारा सील किए गए उसी घर में कुछ ही दिनों बाद भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर पुलिस की सील के बावजूद घर के अंदर आग कैसे लगी।
यह घटना 10 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे राहुल नगर स्थित शिव छाया सोसाइटी में हुई। आग इतनी तेज थी कि घर के अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इसी दौरान घर में रखे गैस सिलेंडर के फटने की भी सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
इसी घर में चार दिन पहले हुआ था डबल मर्डर जिस मकान में आग लगी, उसी घर में 6 अगस्त की रात करीब 12:15 बजे 40 वर्षीय सुनील कालीचरण विश्वकर्मा और उनके 14 वर्षीय बेटे श्लोक विश्वकर्मा की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन पर तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया। हमले में सुनील और उनके बेटे श्लोक की मौत हो गई, जबकि सुनील की पत्नी अंजू और उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हुए।
तीन आरोपी गिरफ्तार इस मामले में पुलिस ने सुनील के छोटे भाई सुरेंद्र उर्फ सोनू कालीचरण विश्वकर्मा (36), उसकी पत्नी प्रीति (28) और दूसरे भाई सूरज कालीचरण विश्वकर्मा (33) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अदालत ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों परिवार एक ही मकान में अलग-अलग हिस्सों में रहते थे और पिछले करीब एक साल से छोटी-छोटी बातों को लेकर उनके बीच विवाद होते रहते थे। सील किए गए घर में आग ने बढ़ाई चिंता डबल मर्डर के बाद पार्कसाइट पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर घर को जांच के लिए सील कर दिया था। लेकिन करीब चार दिन बाद उसी मकान में आग लगने से जांच की दिशा में एक नया सवाल खड़ा हो गया है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य दुर्घटना के कारण लगी, या फिर इसे जानबूझकर लगाया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए यह पहलू भी जांच के दायरे में है कि कहीं आग के पीछे घटनास्थल से जुड़े किसी महत्वपूर्ण सबूत को नुकसान पहुंचाने का मकसद तो नहीं था। हालांकि, इस संबंध में अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे अहम सवाल यही है कि पुलिस की निगरानी और सील के बावजूद घर के अंदर आग कैसे लगी? आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी और क्या इसका डबल मर्डर केस से कोई संबंध है—इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की पड़ताल कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और वजह थी।




