
पेशेवर विवाद की आड़ में यौन उत्पीड़न, केईएम अस्पताल के डॉक्टर पर पॉक्सो के तहत मामला दर्ज
मुंबई: केईएम अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर पर महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों से छेड़छाड़ के आरोप में गंभीर मामला दर्ज किया गया है। आरोपी, अस्पताल के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग का प्रमुख है, जबकि पीड़िता का पति वहीं एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी और पीड़िता के पति के बीच लंबे समय से पेशेवर मतभेद चल रहे थे। इसी दौरान, 2022 से 2025 के बीच, आरोपी ने महिला के साथ शारीरिक रूप से अनुचित व्यवहार किया और धमकियां दीं। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि वर्ष 2022 में आरोपी ने महिला की नाबालिग बेटियों को भी अनुचित तरीके से छूने का प्रयास किया।
भोइवाड़ा पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, जांच प्रारंभ कर दी गई है, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।