
महाराष्ट्र के सोलापूर से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।
जहाँ एकतरफा प्यार के पागलपन में एक 19 साल के सिरफिरे युवक ने एक नवविवाहित युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।यह खौफनाक वारदात सोलापूर के अक्कलकोट रोड स्थित एमआईडीसी थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय सिद्धराम कैलाश कटप के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी संतोष महादेव पाटिल, जिसकी उम्र 19 साल है, वो मृतक की पत्नी से लंबे समय से एकतरफा प्यार करता था। आरोपी ने युवती को प्रपोज भी किया था, लेकिन युवती ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा कर दो महीने पहले ही सिद्धराम से शादी कर ली थी,
इसी बात की रंजिश मन में पाले आरोपी संतोष पाटिल ने सिद्धराम को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।
जैसे ही सिद्धराम उसे इलाके में अकेला मिला, आरोपी ने उस पर धारदार कोयते से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमला इतना घातक था कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण सिद्धराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय एमआईडीसी पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में नाकाबंदी की और तकनीकी सुरागों के आधार पर महज़ कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी संतोष पाटिल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस इस बात की भी तफ्तीश कर रही है कि क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था।




